Tuesday, November 6, 2018

आर्थिक जगत में प्रमुख पदों पर 5 भारतीय महिलाएं

ग्लोबल इकोनॉमी में भारतीय मूल की 5 महिलाएं प्रमुख पदों पर जिम्मेदारी निभा रही हैं। गीता गोपीनाथ हाल ही में आईएमएफ की प्रमुख अर्थशास्त्री चुनी गई हैं। वे जनवरी में पद संभालेंगी। इंद्रा नूई ने 12 साल तक अमेरिकी कंपनी पेप्सीको की सीईओ रहने के बाद 3 अक्टूबर को पद छोड़ा है। हालांकि, वे भी अगले साल तक कंपनी की चेयरमैन बनी रहेंगी। 

दिव्या सूर्यदेवरा ने एक सितंबर को जनरल मोटर्स की सीएफओ का पद संभाला था। वे जनरल मोटर्स ही नहीं, बल्कि पूरे ग्लोबल ऑटो सेक्टर में पहली महिला सीएफओ हैं। पद्मश्री वॉरियल पिछले 3 साल से चीन की कार कंपनी नियो में सीईओ (यूएस) की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। लीना नायर मार्च 2016 में यूनीलीवर (यूके) की चीफ एचआर ऑफिसर बनीं। यह इत्तेफाक है कि इनमें से लीना (महाराष्ट्र) को छोड़ बाकी चारों मूल रूप से दक्षिण भारत से हैं।

गीता गोपीनाथ: आईएमएफ की पहली महिला चीफ इकोनॉमिस्ट
गीता गोपीनाथ (47) एक अक्टूबर को इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ) की चीफ इकोनॉमिस्ट चुनी गईं। भारतीय मूल की गीता इस मुकाम तक पहुंचने वाली दुनिया की पहली महिला और दूसरी भारतीय हैं। उनसे पहले आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी आईएमएफ के प्रमुख अर्थशास्त्री रह चुके हैं।

गीता 2005 से हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल स्टडीज और इकोनॉमिक्स की प्रोफेसर हैं। गीता एक मध्यमवर्गीय मलयाली परिवार से हैं। 8 दिसंबर 1971 को कोलकाता में उनका जन्म हुआ। 1980 में उनका परिवार मैसूर आ गया।

गीता के पिता टीवी गोपीनाथ के मुताबिक, जब वो मैसूर आए तो गीता को हिंदी और अंग्रेजी आती थी। इस बात की आशंका थी कि वह कन्नड़ सीख पाएगी या नहीं? लेकिन गीता और उसकी बहन अनीता ने तीन महीने में कन्नड़ सीख ली। गोपीनाथ के मुताबिक 2016 में गीता जब केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन की आर्थिक सलाहकार चुनी गईं, उस वक्त उन्हें मलयालम भाषा की थोड़ी बहुत समझ थी।

इंद्रा नूई: 12 साल में पेप्सीको का रेवेन्यू 81% बढ़ाया
इंद्रा नूई (62) 2006 में अमेरिका की प्रमुख फूड एंड ब्रेवरेज कंपनी पेप्सीको की पहली महिला सीईओ चुनी गईं। बतौर सीईओ नूई के 12 साल के कार्यकाल में पेप्सीको के रेवेन्यू में 81% तक इजाफा हुआ। 2006 में कंपनी का सालाना रेवेन्यू 35 अरब डॉलर था। पिछले साल यह 65.5 अरब डॉलर रहा था। पिछले 11 साल में कंपनी के शेयरधारकों को 162% रिटर्न मिला। नूई ने इसी महीने 3 अक्टूबर को सीईओ का पद छोड़ दिया लेकिन अगले साल तक चेयरमैन बनी रहेंगी।

No comments:

Post a Comment